रुद्रप्रयाग में जिला पंचायत की बैठक का जिला पंचायत सदस्यों ने किया बहिष्कार। सदन में सदस्यों की सीटें यूं पड़ी रही खाली।
- फोटो : Amar Ujala
जिला पंचायत सदस्यों ने अपने अपने क्षेत्रों में जिला योजना में हो रहे विकास कार्यों के पूरा होने पर सूचना बोर्ड में नाम न लिखे जाने, डीएम व पुलिस प्रशासन का बैठक में शामिल न होने सहित अन्य मुद्दों पर रोष जताते हुए जिला पंचायत की बैठक का बहिष्कार किया। ऐसे में बैठक दस मिनट में समाप्त हो गई।
जिला पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी राणा की अध्यक्षता में शुरू हुई जिला पंचायत की बैठक में बरसात से जिले में हुए नुकसान, जिला योजना आदि विषयों पर चर्चा होनी थी। इसके पहले सदस्यों ने अधिकारियों के न आने और विकास के कई मुद्दों को लेकर बैठक का बहिष्कार कर दिया।
जिला पंचायत सदस्य राजेश्वरी नेगी, महावीर पंवार, गोपाल सिंह पंवार, पूनम देवी, योगम्बर सिंह आदि का कहना था कि जिला योजना में पारित योजनाओं का जिन विभागों द्वारा निर्माण कराया जा रहा है। उनके पूरा होने पर लगने वाले सूचना पट्ट पर जिला पंचायत सदस्यों का नाम नहीं लिखा जा रहा है। ऐसे में विभाग और ठेकेदार कार्य की श्रेय ले रहे हैं। आपदा प्रभावित जिले में तीन वर्ष से कई जरूरी कार्य अटके पड़े हैं। शासन व प्रशासन उदासीन बने हुए हैं। उन्होंने जिला पंचायत की बैठकों में प्रशासन व पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी की बात भी कही।
इधर, जिला पंचायत अध्यक्ष का कहना था कि प्रशासन व पुलिस सीएम के कार्यक्रम को लेकर तैयारियों में जुटी है। उन्हें क्षेत्र के विकास की कोई चिंता नहीं है। बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा होनी थी, जो नहीं हो पाई। जिला पंचायत उपाध्यक्ष लखपत भंडारी का कहना था कि बैठकों के प्रति अधिकारियों का रवैया गैर सकारात्मक नहीं है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर सीडीओ डीआर जोशी सहित विभागीय अधिकारी मौजूद थे।