सीएमओ ने किया सोनप्रयाग और गौरीकुंड की चिकित्सा इकाइयों का निरीक्षण
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
फाटा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारूल गोयल ने शुक्रवार को केदारनाथ यात्रा मार्ग की चिकित्सा इकाई सोनप्रयाग और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गौरीकुंड का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने दवा, आकस्मिक सेवाओं, साफ-सफाई और अन्य स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। गौरीकुंड अस्पताल में साफ-सफाई संतोषजनक नहीं मिलने पर सीएमओ ने नाराजगी जताई। उन्होंने सफाईकर्मी और वार्ड ब्वॉय को नियमित रूप से सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही जीवनरक्षक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक, आकस्मिक सेवाओं और फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने को कहा। कहा कि मोबाइल टावर के कारण भवन की छत से हो रही सीलन के स्थायी समाधान के लिए संबंधित कंपनियों को पत्र भेजकर टावर हटाने की कार्रवाई की जाएगी। सोनप्रयाग में चिकित्सा कर्मियों ने रात्रि सुरक्षा की समस्या बताई। सीएमओ ने जल्द सीसीटीवी कैमरे लगाने का भरोसा दिया।