सेंटर फॉर पॉलिसी एंड गुड गवर्नेंस उत्तराखंड नियोजन विभाग और यूएनडीपी द्वारा संयुक्त रूप से सतत विकास एवं लक्ष्यों के स्थानीयकरण विषय पर आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला में रोजगार के अवसर पैदा करने पर चर्चा की गई। साथ ही काश्तकारों की आय बढ़ाने को लेकर सुझाव भी मांगे गए।
विकास भवन के सभागार में आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला के समापन पर बतौर मुख्य अतिथि डीएम मनुज गोयल ने विभागीय अधिकारियों को जिले के विकास को गति देने और रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों की आय बढ़ाने के लिए परंपरागत फसलों के उत्पादन के बजाय मशरूम, ब्रोकली के साथ सीजनल व बेमौसमी सब्जियों का उत्पादन पर जोर दिया। कार्यशाला में उद्यान, कृषि, पर्यटन, ग्राम्य विकास, मत्स्य, पशुपालन, सेवायोजन, शिक्षा, स्वास्थ्य समेत अन्य विभागों के अधिकारियों ने संबंधित योजनाओं के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर सीडीओ भरत चंद्र भट्ट, डीडीओ मनविंदर कौर, अर्थ एवं संख्याधिकारी शशिकांत गिरि, मुख्य कृषि अधिकारी एसएस वर्मा, पशु चिकित्साधिकारी डा. रमेश सिंह नित्वाल, सेवायोजन अधिकारी कपिल पांडेय समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे। ब्यूरो