स्वच्छता के क्षेत्र में सराहनीय कार्य के लिए जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान को डिस्ट्रिक्ट ग्रीन चैंपियन अवार्ड से नवाजा गया है। ऑनलाइन आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि डीएम मनुज गोयल ने कहा कि यह पुरस्कार, डायट ही नहीं बल्कि जिले के लिए गौरव की बात है। इससे शिक्षण संस्थाओं के साथ आमजन को भी स्वच्छता कार्य की प्रेरणा मिलेगी। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण शिक्षा परिषद के परियोजना समन्वयक शत्रुघ्न भारद्वाज ने डिस्ट्रिक्ट ग्रीन चैंपियन अवार्ड के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वन डिस्ट्रिक वन ग्रीन चैंपियन जैसे अभियान से स्वच्छता के साथ प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में मदद मिलेगी। इस मौके पर सीईओ सीएन काल, डीईओ माध्यमिक एलएस दानू सहित पीजी कॉलेज अगस्त्यमुनि की प्राचार्य प्रो. पुष्पा नेगी, डिग्री कॉलेज जखोली की प्राचार्य डॉ. माधुरी, डिग्री कॉलेज गुप्तकाशी के प्राचार्य डॉ. पीएस जगवाण, डायट के प्राचार्य हरिबल्लभ डिमरी, डॉ. विनोद यादव, डॉ. जीपी सती मौजूद थे।