माउंट मकालू चोटी पर तिरंगे के साथ देवेंद्र बिष्ट।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। भारतीय सेना के पर्वतारोहण दल ने मई में पांचवीं सबसे ऊंची चोटी माउंट मकालू (तिब्बत और नेपाल सीमा) पर तिरंगा फहराया। भारतीय सेना के इस 18 सदस्यीय दल में रुद्रपुर फुलसुंगा के अशोक विहार निवासी देवेंद्र बिष्ट भी शामिल थे।
मूल रूप से अल्मोड़ा के धौलछीना गांव के देवेंद्र ने अभियान से लौटने के बाद बताया कि उन्होंने मकालू पीक (8463 मीटर) में तिरंगा फहराया। दल का नेतृत्व कुमाऊं रेजीमेंट के मेजर मनोज जोशी ने किया। इस सफलता पर उनकी टीम को दिल्ली के साउथ ब्लॉक में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने 31 मई को सम्मानित किया।
कई चोटियां कर चुके हैं फतेह
देवेंद्र ने बताया कि भारतीय सेना में शामिल होने के बाद वर्ष 2008 में सेना के हाई एल्टीट्यूड वारफेयर स्कूल से पर्वतारोहण की पढ़ाई पूरी की। उसके बाद सियाचिन बैटल स्कूल और कारगिल बैटल फील्ड में बतौर प्रशिक्षक रहे। उन्होंने माउंट मामोस्टांग, माउंट नून, माउंट कामेट और माउंट मनोटी चोटी भी फतह की है। वर्तमान में वह 16 कुमाऊं रेजीमेंट में हवलदार के पद पर तैनात हैं।