ब्लाक मुख्यालय जखोली में प्रस्तावित शराब की दुकान के विरोध में महिला मंगल दलों से जुड़ी महिलाओं ने ब्लाक व तहसील परिसर में जमकर प्रदर्शन किया। महिलाओं ने उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि अगर ठेका खुला तो वे जनांदोलन के लिए बाध्य होंगी।
शराब की दुकान को मयाली से जखोली स्थानांतरित किए जाने को लेकर बीते चार दिन से क्षेत्रीय गांवों के महिला मंगल दल आंदोलनरत हैं। सोमवार को भी ग्राम पंचायत कपणियां की महिला मंगल दल राजेश्वरी देवी के नेतृत्व में शराब की दुकान का विरोध कर रही महिलाओं का कहना था कि जिस तरह से मयाली से शराब के ठेके पर जखोली लाने की योजना बनाई जा रही है, वह अनुचित है। इस व्यवस्था से स्थानीय माहौल भी खराब होगा।
कहा कि किसी भी स्थिति में ठेके को बस्ती क्षेत्र में संचालित नहीं होने दिया जाएगा। उप जिलाधिकारी देवमूर्ति यादव के जरूरी कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद महिलाएं शांत हुई। प्रदर्शन में मधु देवी, कल्पेश्वरी, सरोजनी, उर्मिला, मंजू देवी, यशोदा, संतोषी, लक्ष्मी आदि कई महिलाएं शामिल थी।