रुद्रप्रयाग। भाजपा के जिलाध्यक्ष डा. आनंद सिंह बोहरा ने कांग्रेस की लोकतंत्र बचाओ यात्रा को नौटंकी बताया है। कहा कि अपने ही लोगों के भष्ट्राचार में लिप्त होने से सरकार गिरी है। कांग्रेस के नेता अपने दोष छिपाने के लिए अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।
डा. बोहरा ने कहा कि विकास के नाम पर कांग्रेस सरकार ने चार वर्षों में प्रदेश में शराब और खनन माफिया की जेबें भरने का काम किया है। आपदा के तीन वर्ष बाद भी प्रभावित क्षेत्रों में जरूरी काम नहीं हो पाए हैं। जरूरतमंदों को आज तक मुआवजा नहीं मिल पाया है। बोहरा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का अपने विधायकों और मंत्रियों पर नियंत्रण नहीं होने से वर्तमान हालात पैदा हुए हैं। कहा कि जनता 2017 में कांग्रेस को मुंहतोड़ जवाब देगी।