उत्तराखंड नव युवक क्रांतिवीर संगठन ने विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर धरना दिया। इस मौके पर उप जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री हरीश रावत को ज्ञापन भी भेजा गया।
संगठन के अध्यक्ष पवन राणा के नेतृत्व में कार्यकर्ता मुख्य बाजार में एकत्रित हुए। यहां सभा का आयोजन कर सरकार के विरोध में नारेबाजी करते हुए एक घंटे तक धरना भी दिया गया।
इसके उपरांत संगठन के कार्यकर्ता तहसील पहुंचे, जहां उप जिलाधिकारी उत्तम सिंह चौहान के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में ऊखीमठ तहसील को पिछड़ा क्षेत्र घोषित किए जाने, सेना भर्ती में पंजीकरण प्रक्रिया को पूर्व की भांति किए जाने, ऊखीमठ में वाहन पार्किंग निर्माण, आवारा पशुओं के लिए गौशाला निर्माण किए जाने, जंगली जानवरों द्वारा नष्ट की जा रही फसलों का काश्तकारों को मुआवजा देने और ऊखीमठ अस्पताल में एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड सहित अन्य उपकरण उपलब्ध कराए जाने की मांग की गई है।
इस मौके पर गुरिल्ला संगठन के जिलाध्यक्ष बसंती रावत, विजय राणा, चंद्र मोहन, उत्तम कुमार, संतोष, अजय राणा, राहुल नेगी सहित कई लोग मौजूद थे।