ऊखीमठ। श्रीकेदारधाम होटल ऑनर्स एसोसिएशन ने आगामी केदारनाथ यात्रा के लिए सोनप्रयाग, फाटा और गुप्तकाशी में ऑफलाइन काउंटर स्थापित कर पंजीकरण करने और पंजीकरण के लिए आधार लिंक की बाध्यता खत्म करने की मांग की। एसोसिएशन ने इस संबंध में एसडीएम अनिल कुमार शुक्ला के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भी भेजा।
होटल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि केदारनाथ यात्रा हजारों परिवारों की आजीविका का माध्यम है। यहां प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु दर्शनों के लिए पहुंचते हैं लेकिन पंजीकरण के नाम पर बीते कुछ वर्षों से यात्रियों को अकारण परेशान किया जा रहा है। ऐसे में कई यात्री बिना दर्शन के लौट जाते हैं। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या सीमित नहीं की जाए और पंजीकरण के लिए आधार लिंक की बाध्यता को प्राथमिकता से खत्म किया जाए। कहा कि यात्रियों का आसानी से पंजीकरण हो सके इसके लिए गुप्तकाशी, फाटा और सोनप्रयाग में ऑफलाइन पंजीकरण काउंटर स्थापित किए जाएं। प्रतिनिधिमंडल में होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष अध्यक्ष प्रेम गोस्वामी, सचिव नितिन जमलोकी, अशोक सेमवाल व अंकित राणा मौजूद थे। संवाद