अगस्त्यमुनि। युवा कांग्रेस और जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से नीट एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता को लेकर गूंज कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष कुलदीप कंडारी और युवा जिला महामंत्री सुमित रावत ने किया।
अगस्त्यमुनि नगर पंचायत सभागार में आयोजित कार्यक्रम में रुद्रप्रयाग, जखोली और ऊखीमठ क्षेत्र से नीट व अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे 50 से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। पूर्व विधायक मनोज रावत ने कहा कि छात्रों की मेहनत और भविष्य से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। छात्रों ने भी प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दे उठाए। कांग्रेस नेताओं ने पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा की मांग की। कार्यक्रम में पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रदीप थपलियाल, नगर पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र गोस्वामी, ब्लॉक अध्यक्ष हरीश गुसाईं, दीपा देवी, रजनी रावत, रजनी रौथाण, युवा ब्लॉक अध्यक्ष प्रियांशु और नीरज राणा आदि मौजूद रहे।