जिला पंचायत सदस्य ग्यालू लाल ने दी भूख हड़ताल की चेतावनी
जखोली। पिडोला-हिउना-पौंठी तल्ली सिलगढ़ मोटरमार्ग का निर्माण दो वर्ष से अधिक समय बाद भी शुरू नहीं होने से ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण होने से करीब 500 परिवारों के साथ हिउना गांव व तल्ली पौंठी गांव को यातायात सुविधा का लाभ मिलेगा। जिला पंचायत सदस्य खलियाण ग्यालू लाल ने बताया कि सड़क निर्माण से संबंधित सभी विभागीय प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं और पीएमजीएसवाई जखोली ने अब तक कार्य शुरू नहीं कराया है। उन्होंने चेतावनी दी कि 15 नवंबर तक सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ तो जनांदोलन किया जाएगा और वे स्वयं भूख हड़ताल पर बैठेंगे। ग्राम प्रधान पौंठी सुमन कंडारी ने बताया कि मुख्य सड़क से गांव तक करीब दो किलोमीटर की खड़ी चढ़ाई पैदल तय करनी पड़ती है। क्षेत्र पंचायत सदस्य जयेंद्र रावत, विजय सिंह राणा, महावीर सिंह रावत, सनपति लाल, शिव लाल, गोपालदत्त थपलियाल और सुरेश थपलियाल ने बताया कि बुजुर्गों व गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने में परेशानी होती है।
वहीं पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता पवन कुमार ने बताया कि इस मोटरमार्ग की स्वीकृति हेतु विभागीय कार्यवाही चल रही है। वन विभाग से स्वीकृति मिलते ही कार्य प्रारंभ करवाया जाएगा।
-
राजेंश सेमवाल