दूषित पानी पीने को मजबूर हुए लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
जखाेली। चारधाम यात्रा के प्रमुख पड़ाव मयाली बाजार में पेयजल व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है। बाजार में वर्ष 2008-09 के दौरान सड़क किनारे खुली नालियों के ऊपर बिछाई गई पेयजल पाइपलाइन लंबे समय से क्षतिग्रस्त होने के कारण लोगों को दूषित पानी की आपूर्ति होने का खतरा बना हुआ है।
करीब 16-17 वर्ष पुरानी पाइपलाइन पर लगातार वाहनों की आवाजाही और भार पड़ने से कई स्थानों पर पाइप क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। पाइपलाइन के क्षतिग्रस्त होने से नालियों का गंदा पानी पाइपों के भीतर रिसने की आशंका बनी रहती है। इससे बाजार क्षेत्र के लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। पेयजल उपभोक्ता ललित मोहन काला के बताया कि जल जीवन मिशन योजना के तहत पाइपलाइन बिछाए जाने के दौरान पुरानी क्षतिग्रस्त लाइन को हटाकर नालियों से बाहर नई पाइपलाइन बिछाने का अनुरोध किया गया था लेकिन संबंधित ठेकेदार और विभागीय अधिकारियों की ओर से इस दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने बताया आज भी स्थानीय लोगों को पुरानी और क्षतिग्रस्त पाइपलाइन से पेयजल आपूर्ति की समस्या झेलनी पड़ रही है। ग्राम प्रधान मयाली रजनी देवी ने कहा कि मयाली बाज़ार करीब 100 से अधिक गांवों का व्यापारिक केंद्र है। उन्होंने पेयजल लाइन सुधारीकरण की मांग की।