गुप्तकाशी। नगर पंचायत गुप्तकाशी के सेमी-भैंसारी वार्ड में बरसात के दौरान भूधंसाव और जलभराव का खतरा बढ़ गया है। हल्की बारिश होने पर भी ग्रामीण रतजगा कर रहे हैं। वार्ड सभासद पूनम बिष्ट और नामित सदस्य रविंद्र नेगी ने बताया कि मंगलवार रात को रावल गदेरे में उफान आने से पानी सड़क पर फैल गया और कूड़ा-कचरा लोगों के घरों तक पहुंच गया। उन्होंने कहा कि गुप्तकाशी बाजार से बहकर आने वाला कूड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग के कॉजवे में फंस जाता है जिससे बरसाती पानी गांव की ओर मुड़ जाता है। मंदाकिनी नदी के कटाव के साथ ही रावल और खांकरा गदेरों में जमा कूड़ा बरसात के समय बड़ी समस्या बन रहा है। नगर पंचायत अध्यक्ष विश्वेश्वरी देवी ने बताया कि रावल गदेरा पहले से ही आपदा की दृष्टि से संवेदनशील है और इसके स्थायी सुधार के लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी। संवाद