रामपुर के ग्रामीणों की आपत्ति का निस्तारण कर लोनिवि ने दैजीमांडा-पौड़ीखाल सड़क निर्माण की कवायद शुरू कर दी है।
इस मार्ग के बनने से बच्छणस्यूं पट्टी के कई गांवों को लाभ मिलेगा।
अभी यहां ग्रामीणों को खांकरा से दो से पांच किमी की खड़ी चढ़ाई तय कर अपने घरों को पहुंचना होता है।
वर्षों से खांकरा-खेड़ाखाल पैदल मार्ग से लगे गांवों के लोग सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे। दो वर्ष पहले दैजीमांडा-पौड़ीखाल पांच किमी मार्ग की स्वीकृति मिली।
लोनिवि प्रांतीय खंड के एलाइनमेंट को लेकर रामपुर के ग्रामीणों ने आपत्ति के कारण निर्माण शुरू नहीं हो पाया था। ग्रामीणों का कहना था कि सड़क को गांव के ऊपर से ले जाने से पेयजल स्रोत सहित अन्य संसाधन प्रभावित हो रहे हैं।
इधर, मामले में बृहस्पतिवार को अगस्त्यमुनि के ब्लाक प्रमुख जगमोहन सिंह रौथाण की अध्यक्षता में ग्रामीणों और विभाग के बीच हुई वार्ता में मार्ग का एलाइनमेंट बदलने और सड़क को गांव से जोड़कर निर्माण पर सहमति बनी।
प्रमुख ने कहा कि सड़क निर्माण में गांव के जरूरी संसाधनों को क्षति न पहुंचे इसका विभाग विशेष ध्यान रखें। इधर, कार्यदायी संस्था ने मार्ग के शुरूआती 6 सौ मीटर कटिंग के लिए टेंडर आमंत्रित कर दिए हैं।
शेष 4.400 किमी सड़क का सर्वे कर जल्द डीपीआर शासन को भेजी जाएगी। इस मार्ग से रामपुर, मरगांव, कलेथ, पणधारा, पौड़ीखाल सहित 10 से अधिक गांवों को लाभ मिलेगा।
कोट-
मार्ग का एलाइनमेंट बदलकर कर सड़क को रामपुर गांव से होकर आगे बढ़ाया जाएगा। प्रमुख अगस्त्यमुनि के सहयोग से ग्रामीणों के साथ सकारात्मक वार्ता हई है। शुरू के छह सौ मीटर कटिंग का फरवरी पहले सप्ताह से शुरू कर दिया जाएगा।- इंद्रजीत बोस, ईई, लोनिवि प्रांतीय खंड रुद्रप्रयाग