अगस्त्यमुनि ब्लाक के ग्राम पंचायत मुन्नादेवल में एक युवती के आग से गंभीर रूप से झुलसने का मामला प्रकाश में आया है। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल लाया, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।
मंगलवार देर शाम दीप्ति (18) पुत्री रमेश डिमरी ने घर में ही अपने ऊपर केरोसीन छिड़कर आग लगा दी। कमरे से धुआं उड़ता देख, वहां से गुजर रही महिलाओं ने शोर मचाया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़कर आग बुझाई।
परिजन उसे जिला अस्पताल लाए, जहां से डाक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। डाक्टरों ने बताया कि युवती 90 फीसदी जल चुकी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार युवती का मां से कहासुनी हो गई थी। इससे से नाराज होकर वह कमरे में चली गई। मां भी कुछ देर बाद खेत में घास लेने चली गई। इसी बीच बेटी ने खुद को आग लगा दी। इधर, गांव पहुंचे सब इंस्पेक्टर महेश रावत ने बताया कि मामले में पूछताछ की जा रही है।