रुद्रपुर में तीन दिन पूर्व रम्पुरा चौकी क्षेत्र में दुष्कर्म का शिकार हुई किशोरी के स्वास्थ्य में सुधार होने पर उसे हल्द्वानी स्थित अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया है। अब पुलिस डीएनए जांच के लिए रविवार को नाबालिग के रक्त का नमूना लेगी।
बुधवार को भूत बंगला निवासी एक नाबालिग अपने परिजनों के साथ प्रीत विहार निवासी अपनी नानी के घर पहुंची थी। देर शाम नाबालिग कुछ अन्य बच्चों के साथ पेड़ से आम तोड़ रही थी इसी दौरान एक अंजान युवक वहां पहुंचा और नाबालिग को आम दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया। करीब एक घंटे बाद परिजनों को नाबालिग के न मिलने पर उन्होंने पुलिस को मामले से अवगत कराया। नाबालिग की खोजबीन में जुटी पुलिस ने करीब आठ बजे नाबालिग को घर के पास से बरामद कर उससे पूछताछ की तो नाबालिग ने उसके साथ दुष्कर्म किए जाने की बात बताई। करीब चार घंटे बाद ही पुलिस ने दुष्कर्म करने वाले रम्पुरा निवासी शिवम को गिरफ्तार कर लिया था। नाबालिग को उपचार के लिए हल्द्वानी हायर सेंटर में भर्ती कराया गया था। इधर, एसएसआई कमलेश भट्ट ने बताया कि डीएनए जांच के लिए रविवार को नाबालिग के रक्त के नमूने लिए जाएंगे।