कोरोना संक्रमितों के इलाज में दिक्कत न हो इसके लिए गुप्तकाशी, ऊखीमठ, नारायणकोटी और पीजी कॉलेज अगस्त्यमुनि में कोविड केयर अस्पताल बनाए जाएंगे। डीएम मनुज गोयल ने इन अस्पतालों के निर्माण को लेकर स्वास्थ्य विभाग को जरूरी निर्देश दिए हैं। साथ ही होम आइसोलेशन में रह रहे कोरोना संक्रमितों को कोविड किट व नियमित दवा वितरण के बारे में भी विभागीय अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की है।
जिले में बढ़ रहे संक्रमितों की संख्या को देखते हुए प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग व्यवस्थाओं में जुटा है। अब, पीएचसी गुप्तकाशी ऊखीमठ, माधव सेवा अस्पताल नारायणकोटी और पीजी कॉलेज अगस्त्यमुनि में कोविड केयर अस्पताल बनाया जा रहा है। यहां क्रमश: 10, 20, 120 और 27 बेड लगाए जाएंगे, जिससे क्षेत्र में आने वाले कोविड संक्रमितों को यहां भर्ती किया जा सके। जिलाधिकारी मनुज गोयल ने संबंधित संक्रमितों की प्रतिदिन मॉनीटरिंग के आदेश दिए। साथ ही स्वयं सहायता समूह के माध्यम से कोविड किट तैयार करने और कोविड जांच करने वाली टीमों को जरूरी किट मुहैया कराने को भी कहा। उन्होंने कहा कि कोविड केयर सेंटरों में भर्ती मरीजों के रहने व भोजन की व्यवस्था की जिम्मेदारी पर्यटन विभाग को सौंपी गई है। सीएमओ डा. बीके शुक्ला ने बताया कि जिले में 16 टीमों की ओर से गांव-गांव जाकर सैंपलिंग की जा रही है। जिले की सीमा सिरोहबगड़ व चिरबटिया में टीमें सैंपलिंग के कार्य में जुटी हैं।