रुद्रप्रयाग। केदारनाथ व केदारघाटी की लाइफ लाइन रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित कुंड में मंदाकिनी नदी पर बैली ब्रिज का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। 15 जनवरी तक पुल का कार्य पूरा होने की उम्मीद है। इस पुल से बड़े वाहनों को एक-एककर आगे भेजा जाएगा।
बीते वर्ष बरसात में कुंड में स्टील गार्डर पुल के एक पिलर की बुनियाद क्षतिग्रस्त हो गई थी, तब से यहां हल्के वाहनों का संचालन हो रहा है।
आगामी केदारनाथ यात्रा में रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे पर वाहनों का संचालन हो, इसके लिए कुंड में 70 मीटर बैली ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। विशेष अनुमति के तहत यहां पर बैली ब्रिज स्थापित किया जा रहा है।
एनएच के अधिकारियों की देखरेख में पुल का कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। इस पुल के स्थापित होने के बाद केदारघाटी के लिए बड़े वाहनों का संचालन पूरी सुरक्षा के साथ एक-एककर किया जाएगा।
इधर, राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण खंड लोनिवि रुद्रप्रयाग के प्रभारी अधिशासी अभियंता प्रेरणा जगूड़ी ने बताया कि 70 मीटर लंबे बैली ब्रिज का काम एक सप्ताह से दस दिन में पूरा कर दिया जाएगा।