अगस्त्यमुनि। तहसील प्रशासन ने अतिवृष्टि प्रभावित ग्राम पंचायत चमेली के राजस्व गांव बगरधार में प्रभावित परिवारों को मुआवजा राशि के चेक प्रदान किए। मंगलवार को तहसीलदार प्रणव पांडे ने गांव पहुंचकर प्रभावित नारायणी देवी, महेंद्र सिंह, अवतार सिंह, जगजीत सिंह और तेज सिंह को मुआवजा के चेक दिए।
तहसीलदार ने कहा कि प्रभावितों के सुरक्षित जीवन के लिए प्रशासनिक स्तर पर हरसंभव बेहतर प्रयास किए जा रहे हैं। बता दें कि कुछ दिन पूर्व भारी बारिश व अतिवृष्टि से चमेली व बगरधार में ग्रामीणों की परिसंपत्तियों को नुकसान पहुंचा था। खेतीबाड़ी और पैदल मार्ग भी अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त हो गए थे। उप जिलाधिकारी याक्षी अरोड़ा ने बताया कि सभी प्रभावित परिवारों को मुआवजा राशि दी गई है। स्थानीय स्तर पर जो भी सुरक्षा कार्य हैं उसके लिए प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि भू-गर्भीय सर्वेक्षण में भी बगरधार व चमेली में भूमि सुरक्षित पाई गई है। यहां बरसाती पानी की निकासी के लिए ठोस कार्य किए जाएंगे। संवाद