बृहस्पतिवार को मेले के अंतिम दिन मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी राणा ने कहा कि भविष्य में मेले को और भव्य रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मेले में स्थानीय उत्पादों को जिस तरह से मेलार्थियों ने सराहा है, वह प्रशंसनीय है। इस मौके पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में नागेंद्र देवता इंटर कालेज बजीरा, ओंकारानंद इंटरमीडिएट कालेज जखोली, रामाश्रम इंटर कालेज जखोली सहित जखोली व मयाली के सरस्वती शिशु व विद्या मंदिर के अलावा सरकारी प्राथमिक व जूनियर विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देवभूमि उत्तराखंड की लोक संस्कृति के साथ पर्यावरण संरक्षण व संवर्द्धन पर आधारित रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
इस मौके पर स्टाल प्रतियोगिता में उद्यान विभाग प्रथम और वन विभाग द्वितीय रहा। समापन समारोह में दिग्पाल सिंह नेगी, रवीेंद्र सिंधवाल, जसपाल सिंह बुटोला, गोपाल रावत, कपूर सिंह पंवार, गजेंद्र राणा, मधुसूधन सकलानी, विजेंद्र मेंगवाल आदि मौजूद थे।
निमंत्रण न देने पर जताई नाराजगी
जखोली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ठाकुर गजेंद्र सिंह ने मेला समिति पर अनदेखी का आरोप लगाया। कहा कि समिति ने क्षेत्र के कई कांग्रेस नेताओं को निमंत्रण नहीं दिया, जो दुर्भाग्यपूर्ण हैं। विदित हो कि इस बार तीन दिवसीय मेला मंच राजनीतिक सरगर्मी के लिए खासा चर्चा में रहा।