कालीमठ घाटी के कोटमा गांव में तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ को सामूहिक अर्ध्य लगाते हुए ग्रामीण।
- फोटो : RUDRAPRYAG
तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ की दिवारा यात्रा कालीमठ घाटी के कई गांवों का भ्रमण करते हुए रात्रि प्रवास के लिए चिलौंड गांव पहुंच गई है। जहां पर समस्त ग्रामीणों ने पंचायती चौक में देवता को सामूहिक अर्घ्य लगाया। इस मौके पर भक्तों ने आराध्य के दर्शन करते हुए आशीर्वाद भी लिया। आज देवता की डोली रात्रि प्रवास के लिए जाल तल्ला पहुंचेगी।
मंगलवार सुबह कोटमा गांव में पंच पुरोहितों द्वारा तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ की रुद्राभिषेक पूजा कर यज्ञ-हवन किया गया। इस मौके पर देवता को भोग भी लगाया गया। इसके बाद, देवता ने गांव के घर-घर जाकर अपने भक्तों की कुशलक्षेम पूछी और उनके कष्टों का निवारण किया। दोपहर बाद तृतीय केदार की डोली ने गांव से विदा ली। भगवान तृतीय केदार की दिवारा यात्रा के रात्रि प्रवास के लिए चिलौंड गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने पारंपरिक वाद्य-यंत्रों से जोरदार स्वागत किया गया। इस अवसर पर पंचायती चौक में ग्रामीणों ने भगवान को सामूहिक अर्घ्य भी लगाया। यात्रा के साथ मठापति रामप्रसाद मैठाणी, डोली प्रभारी वाईएस पुष्पवाण, ओम प्रकाश भट्ट, मोहन सिंह राणा, विजय राणा, एमएस चौहान समेत अन्य ग्रामीण मौजूद थे। संवाद