गुप्तकाशी-मयाली मोटर मार्ग के खांकरा बैंड में अवरुद्ध होने से लोगों को आवाजाही में दिक्कत हो रही है। बीते सप्ताह ऑल वेदर रोड परियोजना का निर्माण कर रही कार्यदायी संस्था की पोकलैंड मशीन के मौके पर दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद से सड़क क्षतिग्रस्त है, जिससे वाहनों का संचालन विश्वनाथ मंदिर मार्ग से नाला होकर गुप्तकाशी बाजार पहुंचने के लिए तीन किमी अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। इन हालात में यहां पर आए दिन जाम की स्थिति पैदा हो रही है, जिसका खामियाजा स्थानीय लोगों को भुगतना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि कार्यदायी संस्था द्वारा सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत सुस्त गति से हो रही है। इधर, एनएच के ईई जितेंद्र कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पोकलैंड मशीन को निकालने के लिए सड़क का पुश्ता तोड़ना पड़ा था। पुश्ते का निर्माण चल रहा है, जिस कारण यातायात को मंदिर मार्ग से नाला होते हुए बाजार के लिए डायवर्ट किया गया है। संवाद