जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि में ठेकाकर्मियों से शोध केंद्रों व विवि फार्म में प्रति एकड़ की दरों पर कार्य कराए जाने के लिए अनुबंध करने की कार्यवाही का कांग्रेसियों ने विरोध किया है। उन्होंने सांकेतिक धरना प्रदर्शन करने के साथ ही कुलपति को ज्ञापन सौंपा है।
शनिवार को कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष नारायण सिंह बिष्ट की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने प्रशासनिक भवन के पूर्वी गेट पर धरना दिया। उन्होंने कुलपति को सौंपे ज्ञापन में कहा कि जिन इकाइयों व महाविद्यालयों से ठेका कर्मियों की छंटनी की गई है, उन सभी को उनके पद के अनुरूप कार्य दिया जाए। विवि में नियोजित ठेका कर्मियों से 15-20 दिन प्रतिमाह कार्य कराया जा रहा है।
सभी कर्मियों से पूर्व की भांति 26 दिन का कार्य लेना सुनिश्चित किया जाए। कुक्कुट अनुसंधान केेंद्र की बंद की गई इकाई को तुुरंत शुरू किए जाए। विवि स्तर पर शोध केंद्रों व विवि फार्म में बुवाई, सिंचाई, बंध बनाने, नालियां, ट्रांसप्लांटिंग, गैप फिलिंग, बीडिंग, रोगिंग, खाद डालने व कटाई-मड़ाई आदि के लिए प्रति एकड़ की दरों पर कार्य कराने की कार्यवाही शुरू की जा चुकी है।
इसका कांग्रेस विरोध करती है। ऐसे कार्यों को प्रति एकड़ की दर से कराए जाने से शोध, प्रजनक बीज और विवि फार्म के उत्पादनों की गुणवत्ता पर विपरीत प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कुलपति से समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की है। वहां पर नगर अध्यक्ष डॉ. महेन्द्र शर्मा, अजय सिंह, दान सिंह नयाल, रवि कुशवाहा, कन्हैया लाल, खड़क सिंह टाकुली, प्रेम आर्या, राहुल जोशी, धीरज शर्मा, अनूप सिंह, मन्टू सिंह, सूरज गुप्ता, राकेेश उपाध्याय, अनुराधा जोशी, गुरूप्रीत, हाकिम, राजेश, प्रकाश वाल्मीकि सहित अनेक मौजूद रहे।