सेना का मालवाहक चिनूक केदारनाथ में भारी मशीनें पहुंचाने के बाद चंडीगढ़ के लिए रवाना हो जाएगा। शुक्रवार को भी हेलीकॉप्टर द्वारा दो शट्ल में छह टन भारी मशीनों के पार्ट्स केदारनाथ पहुंचाए गए। अभी तक तीन दिन में हेलीकॉप्टर द्वारा डंपर, जेसीबी, ट्रैक्टर समेत अन्य भारी मशीनों के 18 टन पार्ट्स धाम पहुंचाए गए।
सुबह सात बजे चिनूक ने केदारनाथ के लिए पहली उड़ान भरी। इस दौरान निर्धारित तीन टन मशीनें केदारनाथ पहुंचाई गईं। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण-लोनिवि के ईई प्रवीण कर्णवाल ने बताया कि शनिवार को दो शट्ल में भारी मशीनें धाम छोड़ने के बाद चिनूक वहां से चंडीगढ़ के लिए रवाना हो जाएगा। उन्होंने बताया कि चिनूक द्वारा अभी तक 6 शट्ल में 18 टन भारी मशीनों के पार्ट्स पहुंचा दिए गए हैं। मशीनों के धाम पहुंचने के बाद नवंबर पहले सप्ताह में मशीन निर्माता कंपनियों के कारीगर की टीम केदारनाथ पहुंचेगी, जो इन्हें एसेंबल करेगी।