दस्तक परिवार के 16वें फूलदेई महोत्सव एवं घोघा जातरा का आयोजन, जिले की 48 टीमों ने किया प्रतिभाग
नगर निगम श्रीनगर की मेयर आरती को मिला उम्मीदों के पहाड़ सम्मान
पूनम और वंदना को दस्तक पहाड़ युवा प्रतिभा सम्मान से नवाजा
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
अगस्त्यमुनि। दस्तक परिवार के 16वें फूलदेई महोत्सव एवं घोघा जातरा में जिले के 500 से अधिक बच्चों की 48 टीमों ने प्रतिभाग किया। इस मौके पर बाल कलाकारों ने नगर में भव्य झांकी निकाली और नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। साथ ही नगर निगम श्रीनगर गढ़वाल की मेयर आरती भंडारी को उम्मीदों के पहाड़ सम्मान से सम्मानित किया गया।
रविवार को बाल विकास विभाग, जिला निर्वाचन कार्यालय और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के सहयोग से आयोजित फूलदेई महोत्सव एवं घोघा जातरा का आयोजन किया गया। इस दौरान बाल टीमों ने घोघा माता की डोली के साथ भव्य झांकी निकाली। इसके बाद खेल मैदान अगस्त्यमुनि में आयोजित घोघा नृत्य प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में इंद्रासणी घोघा और सीनियर वर्ग में अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज तैला की टीम प्रथम रही। सर्वश्रेष्ठ घोघा का पुरस्कार जय मां महिषमर्दनी टीम को मिला। वहीं गीत और गायन में राजकीय प्राथमिक विद्यालय कुमड़ी की घोघा टीम विजेता रही।
महोत्सव में दस्तक परिवार ने नगर निगम श्रीनगर गढ़वाल की महापौर आरती भंडारी को उम्मीदों के पहाड़ सम्मान से सम्मानित किया। उन्हें प्रशस्तिपत्र, प्रतीक चिह्न और शॉलभेंट किया गया। साथ ही रूमसी गांव की पूनम और दुगड्डा के बमोली गांव की वंदना को दस्तक पहाड़ युवा प्रतिभा सम्मान से नवाजा गया। इस अवसर पर नगर पालिका रुद्रप्रयाग के अध्यक्ष संतोष रावत, पूर्व संयुक्त शिक्षा निदेशक रमेश चमोला, कुलदीप कंडारी ने भी विचार रखे। शिक्षिका कुसुम भट्ट ने संचालन किया। महोत्सव में फूलदेई महोत्सव के संस्थापक सदस्य डाॅ. उमा भट्ट, हरीश गुसाईं, दीपक बेंजवाल, कालिका कांडपाल आदि मौजूद थे।
अपनी संस्कृति, गांव को कभी न भूलें : ऐश्वर्या
बतौर मुख्य अतिथि शैलारानी रावत सामाजिक सेवा ट्रस्ट की अध्यक्ष ऐश्वर्या रावत ने महोत्सव का उद्घाटन किया। उन्होंने नई पीढ़ी से आह्वान किया कि वह जीवन में किसी भी मुकाम तक पहुंचें मगर अपनी संस्कृति, गांव को कभी नहीं भूलें। अति विशिष्ट अतिथि नगर पंचायत के अध्यक्ष राजेंद्र गोस्वामी ने कहा कि अगस्त्यमुनि नगर से संस्कृति संरक्षण की यह पहल राज्य में अलग पहचान बना रही है।