केदारनाथ आपदा राहत में फर्जी मुआवजा लेने के आरोप में पिछले वर्ष गिरफ्तार मध्य प्रदेश निवासी दंपति के मामले में पुलिस ने चार्जशीट जिला न्यायालय में दाखिल कर दी है। ऊखीमठ के थानाध्यक्ष सत्यव्रत ने बताया कि फर्जी मुआवजे का यह मामला इस वर्ष जनवरी में हरिद्वार से रुद्रप्रयाग हस्तांतरित किया गया है। विवेचना के बाद आरोपी पति-पत्नी को विगत चार फरवरी को हरिद्वार से पुरसाड़ी जेल शिफ्ट किया जा चुका है, जबकि दंपति के पांचों बच्चों को बीते वर्ष 25 नवंबर को हरिद्वार पुलिस द्वारा बाल संरक्षण केंद्र देहरादून भेज दिया गया था।
विदित हो कि सितंबर 2013 में मध्य प्रदेश के भयुवा जिला छतरपुर निवासी रामकृष्ण पाल पुत्र सुखलाल ने केदारघाटी आपदा के दौरान रामबाड़ा से अपने दो बच्चों के लापता होने की झूठी रिपोर्ट हरिद्वार कंट्रोल रूम में दर्ज कराई थी। बाद में उसने इन बच्चों के नाम बदल कर उन्हें मृत दिखाते हुए मुआवजा प्राप्त कर लिया था। तब वह पत्नी और पांच बच्चों के साथ हरिद्वार में ही रह रहा था। ब्यूरो