रुद्रपुर। जिला अस्पताल में बनाए गए 53 बेड के आइसोलशन वार्ड में भर्ती हो रहे कोरोना संदिग्धों को स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी सुविधाएं दी जा रही हैं। इसके बावजूद कुछ लोगों के नियमों का पालन न करने की चर्चाएं हो रही हैं। इस पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग सख्त नजर आ रहा है। आइसोलेशन वार्ड में कोरोना संदिग्धों की सभी प्रकार गतिविधियों पर नजर रखने के लिए आठ सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। इन कैमरों को इस प्रकार लगाया जाएगा ताकि आइसोलेशन वार्ड के सभी 53 बेड कवर हो सकें। प्रमुख अधीक्षक डॉ. टीडी रखोलिया ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से आइसोलशन वार्ड में आठ सीसी टीवी कैमरे लगाने के निर्देश मिले थे। जल्द ही सीसी टीवी कैमरे लगाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।