रुद्रपुर में प्रेस वार्ता करते डीजीपी अशोक कुमार।
- फोटो : AMAR UJALA
रुद्रपुर। पुलिस महानिदेशक लॉ एंड ऑर्डर अशोक कुमार ने कहा कि सार्वजनिक स्थान पर मास्क नहीं पहनने वाले लोगों के खिलाफ अब केस दर्ज किया जाएगा। कानून को अपने हाथ में लेने वाले लोगों को किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रुद्रपुर में जमातियों को पकड़ने वाली पुलिस टीम की प्रशंसा करते उन्होंने एसपी सिटी देवेंद्र पिंचा व सीओ अमित कुमार को 20 हजार रुपये का चेक सौंपा। बुधवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान अशोक कुमार ने कहा कि लॉकडाउन के बावजूद तमाम लोग अपने घरों से बाहर निकल रहे है। वे कोरोना वायरस को दावत देकर अपने परिवार, राज्य व देश के साथ धोखा कर रहे हैं। उन्होंने परिवार व राष्ट्र की सुरक्षा के लिए लोगों से घरों में रहने की अपील की। कहा, सोशल मीडिया में अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ और बड़ी धाराओं में केस दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। कोरोना संक्रमण के बीच उत्कृष्ट कार्य करने पर उन्होंने एलआईयू इंस्पेक्टर विजय प्रकाश समेत तीन पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान डीआईजी कुमाऊं रेंज जगतराम जोशी, एसएसपी बरिंदरजीत सिंह समेत कई मौजूद थे।