बसुकेदार तहसील के बष्टी-हाट मोटर मार्ग पर सोमवार रात को हुई बस दुर्घटना में मृतकों की संख्या चार हो गई है। वहीं जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग में भर्ती 16 घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है। घायलों का हालचाल पूछने के लिए दिनभर भीड़ जुटी रही।
सोमवार देर शाम को डालसिंगी गांव की बारात की बस क्यूंजा से वापसी में गांव से करीब 100 मीटर पहले दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई थी, जबकि घायलों में 4 को सीएचसी अगस्त्यमुनि व 23 को जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग में भर्ती किया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल से 8 घायलों को बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर किया गया, जहां घायल राकेश लाल की मौत हो गई।
चालक दीपक (39) पुत्र कुंदन सिंह के पैरों में गंभीर चोट के कारण हायर सेंटर देहरादून रेफर किया गया। इधर, रुद्रप्रयाग जिला अस्पताल में भर्ती सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है। मंगलवार को घायलों की कुशलक्षेम पूछने के लिए जिला अस्पताल में रिश्तेदारों, ग्रामीण व जनप्रतिनिधियों का आना-जाना लगा रहा। लोग घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य होने के लिए अपने ईष्ट, पितृ देवताओं से प्रार्थना कर रहे हैं। हादसे में घायल परिचालक संग्राम सिंह ने बताया कि बस के कच्चे पुश्ते में उतरने से हादसा हुआ है।
35 लोग थे बस में सवार
रुद्रप्रयाग। जिला अस्पताल में भर्ती घायलों ने बताया कि 28 सीट की बस में 35 बाराती सवार थे। बस तेज चल रही थी। मार्ग संकरा होने और हल्का अंधेरे के कारण हादसा हुआ है। मंगलवार को भाजपा नेता भरत सिंह चौधरी ने जिला अस्पताल में भर्ती घायलों का हालचाल पूछा।
घरों में पसरा मातम, मृतकों की अंत्येष्टि
रुद्रप्रयाग। हादसे में मारे गए डालसिंगी गांव के चार लोगों के घरों में मातम पसरा है। 13 वर्षीय मृतक नीरज के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। यहां सांत्वना देने के लिए ग्रामीण पहुंच रहे हैं। नीरज हादसे वाली बस में सबसे कम उम्र का बाराती था। उधर मृतक पूर्व प्रधान मातबर सिंह भंडारी, राकेश लाल और डुंगर गांव निवासी सुरेंद्र सिंह के घरों में भी उनके परिजन बिलख-बिलख कर रो रहे हैं।
मंगलवार को जिला अस्पताल में शवों के पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने गमगीन माहौल में तीनों मृतकों की पैत्रिक घाट पर अंत्येष्टि कर दी। लोगों का कहना है कि विवाह आयोजन को लेकर सभी लोग खुश थे, लेकिन घटना के बाद से पूरा माहौल बदल गया। वहीं विवाह वाले घर में भी नव दंपति सहित पूरा परिवार और सगे-संबंधी सहमे हैं।