रुद्रपुर में जीजा के हमले से घायल अमित आनंद।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। बहन के साथ मारपीट कर रहे जीजा को रोकना साले को महंगा पड़ गया। गुस्साए जीजा ने लोहे की रॉड से साले के सिर पर वार कर दिया। इससे उसका सिर फटने के साथ ही हाथ भी फैक्चर हो गया।
भल्ला गली मुख्य बाजार निवासी अमित आनंद ने कोतवाली में तहरीर सौंपी। उसने बताया कि उसका जीजा सतपाल चौपड़ा निवासी रुद्रपुर शादी के बाद से ही उसकी बहन पूजा से साथ मारपीट करता है। बीते सात सितंबर को भी सतपाल ने पूूजा से मारपीट की और उसे घर से निकालने की कोशिश की। बहन की सूचना पर वह उसके घर पहुंचा और जीजा को समझाने की कोशिश की।
इस दौरान जीजा सतपाल ने लोहे की रॉड से उस पर हमला कर दिया। हमले में उसका सिर फटने के साथ ही हाथ फैक्चर हो गया। भांजे हिमांशु ने बीच बचाव कर उसकी जान बचाई। लेकिन जीजा सतपाल ने अपने पुत्र हिमांशु पर भी रॉड से हमला कर दिया, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग वहां पहुंचे और उसे अस्पताल पहुंचाया।
वहां डॉक्टर ने उसके सिर में नौ टांके लगाए। आरोप है कि जीजा उसे उसकी बहन और बच्चों को जान से मारने की धमकी दे रहा है। कोतवाल केसी भट्ट ने बताया कि आरोपी सतपाल के खिलाफ धारा 307, 506 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।