- श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील, संदिग्ध वस्तु दिखने पर तुरंत दें सूचना
केदारनाथ में बम डिस्पोजल स्क्वाड ने चलाया विशेष अभियान
केदारनाथ/रुद्रप्रयाग। श्री केदारनाथ धाम यात्रा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए पुलिस ने मुख्य मंदिर परिसर तक सुरक्षा व्यवस्थाओं को और मजबूत किया है। एसपी निहारिका तोमर ने बताया कि सुरक्षा तैयारियों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए धाम के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में बम डिस्पोजल स्क्वाड ने संयुक्त रूप से एंटी-सबोटॉज विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान स्क्वाड और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमों की ओर से अत्याधुनिक मेटल डिटेक्टर और अन्य सुरक्षा उपकरणों के माध्यम से मंदिर के प्रवेश द्वारों, विश्राम स्थलों और श्रद्धालुओं के सामान की सघन जांच की गई। उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को केवल भौतिक चैकिंग तक ही सीमित नहीं रखा गया है बल्कि सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से भी भीड़भाड़ वाले इलाकों पर पैनी नजर रखी जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य यात्रा को निर्बाध बनाना और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसना है। उन्होंने रुद्रप्रयाग पुलिस सभी श्रद्धालुओं से कहा है कि सुरक्षा जांच के दौरान तैनात कर्मियों के साथ सहयोग करें। यदि कोई भी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस चौकी या ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को दें।