केदारनाथ/ऊखीमठ। स्थायीकरण की मांग को लेकर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अस्थाई कर्मचारियों का क्रमिक अनशन मंगलवार को भी जारी रहा। कर्मचारियों ने मांग पर सकारात्मक कार्रवाई न होने पर अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू करने की चेतावनी दी है। केदारनाथ धाम, ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ, कालीमठ, त्रियुगीनारायण, रुद्रप्रयाग सहित बीकेटीसी के विभिन्न कार्यस्थलों पर अस्थाई कर्मचारियों ने सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक क्रमिक अनशन किया। आंदोलन को विभिन्न राजनीतिक दलों एवं सामाजिक संगठनों का समर्थन मिल रहा है।
आंदोलनरत कर्मचारियों ने कहा कि वे लंबे समय से नियमितीकरण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा जब तक उनकी न्यायोचित मांग पर गंभीरता से विचार कर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि मांग की अनदेखी होने पर वे अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार करने के लिए बाध्य होंगे।