तिलवाड़ा। रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग पर जीएमवीएन के समीप एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति की बस की चपेट मेें आने से दर्दनाक मौत हो गई। बस त्रियुगीनारायण जा रही थी। घटना के बाद से चालक फरार हो गया।
शुक्रवार शाम लगभग 6.40 बजे विनोद कुमार (54) अगस्त्यमुनि से अपनी मोटरसाइकिल में तिलवाड़ा आ रहा था। इस दौरान वह हाईवे पर तिलवाड़ा बाजार से लगभग एक किमी आगे गढ़वाल मंडल विकास निगम के समीप मोड़ पर विपरीत दिशा से आ रही बस की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। घटना की सूचना पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। बताया जा रहा है कि बस में सवार लोग त्रियुगीनारायण जा रहे थे, जिन्हें शनिवार को वहां एक विवाह आयोजन में शामिल होना था। मृतक व्यक्ति जखोली ब्लॉक के दरमोला गांव का निवासी है और सुमाड़ी में कपड़े सिलने का काम करता था। अगस्त्यमुनि थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव चौहान ने बताया कि फरार चालक की खोजबीन की जा रही है। साथ ही घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।