रुद्रप्रयाग। केदारघाटी के मैखंडा क्षेत्र में शुक्रवार रात भालू ने गोशाला में घुसकर एक गाय को मार डाला जबकि एक बछिया को गंभीर रूप से घायल कर दिया। मैखंडा के बुर्सिल तोक में अनीता देवी पत्नी स्व. दिनेश लाल की गोशाला का दरवाजा तोड़कर भालू ने मवेशियों पर हमला किया। ग्राम प्रधान कविता देवी ने बताया कि कुछ दिन पहले भी इसी तोक में भालू का रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा गया था। तब ग्रामीणों ने उसे पकड़कर कहीं और छोड़ने की मांग की थी लेकिन ऐसा न होने पर अब नुकसान झेलना पड़ रहा है। उन्होंने जल्द से जल्द भालू को पकड़ने और मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने को रोकने के लिए व्यवस्था बनाने की मांग की। एसडीओ देवेंद्र सिंह पुंडीर ने बताया कि टीम को मौके पर भेज दिया गया है। प्रभावित को मवेशी और गोशाला क्षति के लिए राहत धनराशि देने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। संवाद