गुप्तकाशी। केदार क्लब फाटा के सहयोग से आयोजित ओपन वर्ग क्रिकेट टूर्नामेंट के छठवें दिन केदार बाबा क्रिकेट क्लब बड़ासू-रामपुर और ओंकारेश्वर स्पोर्ट्स क्लब ऊखीमठ के बीच मैच खेला गया। इस एकतरफा मुकाबले में ओंकारेश्वर की टीम 94 रन से पराजित हो गई।
मंगलवार को नारायण क्रिकेट मैदान में खेले गए मैच में ऊखीमठ ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला लिया। बल्लेबाजी का न्यौता पाते हुए बडासू-रामपुर के बल्लेबाजों ने मैदान के पहले ओवर से मैदान के चारों तरफ चौके-छक्कों की बरसात करते हुए ऊखीमठ के गेंदबाजी की धार कुंद कर दी। निर्धारित 15 ओवर में केबीसीसी बड़ासू रामपुर ने चार विकेट खोकर 191 रन बनाए ,जिसमें कमलेश ने 37 व सुनील रावत ने 36 रन की पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ओंकारेश्वर ऊखीमठ की टीम प्रियांशु के 42 रन की जुझारू पारी के बावजूद नौ विकेट पर 97 रन बना सकी। विजेता टीम के कमलेश को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
इधर, अगस्त्यमुनि ब्लॉक के बच्छणस्यूं में गहड़खाल प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता में सुनाऊं ने नवयुवक मंगल दल गहड़खाल और नवासू ने पीपली की टीम को पराजित कर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। आयोजन समिति के सचिव संदीप रावत ने बताया कि प्रतियोगिता में 32 टीमों ने प्रतिभाग किया है। पांच टीमें क्वार्टर फाइनल में जगह बना चुकी हैं। शेष तीन टीमों के चयन के बाद क्वार्टर फाइनल मैच खेले जाएंगे।