जखोली। जखोली विकासखंड के राजकीय इंटर कॉलेज जाखाल में छात्र-छात्राओं को जागरूक करने के उद्देश्य से कॅरिअर काउंसलिंग, किशोरावस्था तथा बाल अधिकार एवं कानून विषयक कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक रंजना गैरोला भट्ट ने साइबर क्राइम, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम और पॉक्सो एक्ट की जानकारी दी। चाइल्ड हेल्पलाइन के जिला समन्वयक सुरेंद्र रावत ने बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर, बाल अधिकारों और स्पॉन्सरशिप योजना के बारे में बताया। वहीं डायट रतूड़ा की प्रवक्ता राखी बिष्ट ने छात्रवृत्ति योजनाओं और वर्तमान पाठ्यक्रमों में हो रहे बदलावों की जानकारी साझा की। सेवायोजन विभाग के जयकृत कंडवाल ने विद्यार्थियों को रुचि के अनुसार विषय और पाठ्यक्रम चुनने की सलाह दी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. संदीप शर्मा ने किया।