भारत सरकार की ऑल वेदर रोड़ परियोजना में निर्माणाधीन ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग से प्रभावित हुए कई भवन स्वामियों व व्यवसायियों को मुआवजा नहीं मिला है। जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग में हाईवे पर रैंतोली से केदारनाथ तिराहे तक लगभग तीन सौ भवन/दुकानों का चिहिृृत हिस्सा चौड़ीकरण में ध्वस्त किया जा चुका है। तब प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से एक माह में प्रभावित भवन स्वामियों/व्यापारियों को मुआवजा देने की बात कही थी, लेकिन अभी तक कई प्रभावितों को मुआवजा नहीं मिल सका। कांग्रेस के जिलामंत्री शैलेंद्र गोस्वामी, अमिताभ काला, प्रफुल्ल काला, जोत सिंह बिष्ठ, आदि का कहना है मुआवजा के नाम पर प्रशासन से सिर्फ आश्वासन मिल रहा है। ऐसे में प्रभावित अपने टूटे आवासीय भवन व व्यापारिक प्रतिष्ठानों की मरम्मत नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने जल्द प्रभावितों को मुआवजा देने की मांग की है। इधर, एडीएम दीपेंद्र नेगी ने कहा कि बजट के अभाव में मुआवजा वितरण नहीं हो पा रहा है। शासन को प्रस्ताव बनाकर भेज दिया गया है। संवाद