अगस्त्यमुनि। मंदाकिनी शरदोत्सव एवं कृषि औद्योगिक विकास मेले के चौथे दिन मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कार्यक्रमों का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि अगस्त्यमुनि के मेले को गौचर मेले की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। मेले को व्यापक पहचान दिलाने के लिए समिति के साथ मिलकर प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में 528 नई सड़कों की टेंडर प्रक्रिया प्रस्तावित है जिसमें अकेले रुद्रप्रयाग जिले की 51 सड़कें शामिल हैं। उन्होंने इसे जनपद के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।मेले में स्थानीय कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। वहीं शाम की सांस्कृतिक संध्या में लोकगायिका मंजू नौटियाल ने अपने चर्चित गीत 'दिल्ली से मनाली..... लड़का तेरा दीवाना' की प्रस्तुति से खूब धूम मचाई। गीत पर मेलार्थी झूमते नजर आए। इसके बाद लोकगायक धनराज शौर्य ने भी शानदार गीतों से समां बांधा। इस मौके पर मेला समिति के अध्यक्ष हर्षवर्धन बेंजवाल, सचिव पृथ्वीपाल रावत, कार्यक्रम अध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, ओमप्रकाश बहुगुणा, विक्रम सिंह नेगी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, पंकज भट्ट आदि मौजूद रहे।