दिनेशपुर। एनआईओएस की परीक्षा में नकल के मामले में फरार चल रहे देशबंधु इंटर कॉलेज के प्रबंधक और दो अन्य के खिलाफ पुलिस ने कोर्ट से गिरफ्तारी के वारंट हासिल किया है। पुलिस के मुताबिक यदि अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई तो कुर्की की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बता दें कि गत 31 अक्तूबर की रात को शिक्षा विभाग और पुलिस प्रशासन की टीम ने डीएम के निर्देश पर मोहनपुर गांव के एक कमरे में छापा मारकर एनआईओएस की परीक्षा देते 11 छात्र-छात्राओं (उत्तराखंड और यूपी के विद्यार्थी) को रंगे हाथों नकल करते हुए पकड़ा था। पुलिस ने मौके से नकल करा रहे युवक को भी गिरफ्तार कर लिया था। बाद में सभी छात्र-छात्राओं को कोर्ट में पेश किया गया। वहां से सात छात्रों को पुलिस ने जेल भेज दिया गया जबकि नाबालिग छह छात्राओं और एक छात्र को जमानत पर रिहा कर दिया था। इस मामले में बाद में केंद्र प्रभारी और गदरपुर पोस्ट ऑफिस के एक लिपिक को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया।
इस मामले में कॉलेज के प्रबंधक ओमियो विश्वास, प्रधानाचार्य सपना विश्वास, जीवन कुमार और शुभम कुमार के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज हुआ था लेकिन सभी आरोपी तभी से फरार हैं। थानाध्यक्ष दिनेश फर्त्याल ने बताया कि ओमियो विश्वास, जीवन कुमार और शुभम के खिलाफ कोर्ट से गिरफ्तारी के वारंट हासिल किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई तो कुर्की की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।