मतदाता जागरूकता में उत्कृष्ट पेटिंग के लिए राष्ट्रपति से सम्मानित जीआईसी ऊखीमठ की छात्रा अंजली राणा का गांव पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत।
महामहिम राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी की ओर से मतदाता जागरूकता के तहत उत्कृष्ट पेंटिंग के लिए सम्मानित जीआईसी ऊखीमठ की छात्रा अंजली राणा का गांव लौटने पर ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया। बीते 25 जनवरी को नई दिल्ली में अंजली को यह सम्मान दिया गया था।
जीआईसी ऊखीमठ में कक्षा 11वीं की छात्रा अंजली के स्वागत में सोमवार को पठाली गांव में कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्राम प्रधान विजयलक्ष्मी तिवारी ने अंजली का माल्यार्पण कर स्वागत किया। उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए ग्राम प्रधान ने कहा कि छात्रा ने पूरे गांव का मान बढ़ाया है।
एक सप्ताह पूर्व छात्रा की माता का निधन भी हो चुका है। विदित हो कि जनवरी प्रथम सप्ताह में मतदाता जागरूकता अभियान स्वीप के तहत जिला स्तर पर पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान मिलने पर छात्रा को 5 हजार रुपये का पुरस्कार स्वरूप दिए गए थे। इस पेंटिंग को जिले से राज्य और फिर राष्ट्रीय स्तर के लिए चुना गया।
यह पेंटिंग राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर राष्ट्रीय स्तर की पेंटिंग प्रतियोगिता में शामिल की गई थी, जिसे राष्ट्रपति ने भी सराहा। इस मौके पर महामहिम ने छात्रा को सम्मानित किया। इस मौके पर पूर्व प्रधान बबीता तिवारी, सरपंच हीरा सिंह राण, नागेंद्र राणा, महिला मंगल दल अध्यक्ष गोदांबरी तिवारी, मनवर सिंह नेगी आदि मौजूद थे।