गढ़वाल आयुक्त ने केदारनाथ यात्रा व्यवस्था की समीक्षा की
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रप्रयाग। आयुक्त गढ़वाल मंडल विनय शंकर पांडेय व आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने केदारनाथ धाम यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने यात्रा व्यवस्था नोडल अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों व व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ जिला कार्यालय सभागार में समीक्षा बैठक की। इस दौरान आयुक्त ने सिलिंडरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, सभी अस्पताल क्रियाशील व म्यूल टास्क फोर्स तैनात रखने, शौचालयों की नियमित साफ-सफाई, कार्मिकों की पर्याप्त तैनाती, सफाई सामग्री एवं पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
साथ ही सेक्टर मजिस्ट्रेट के माध्यम से शौचालयों की रैंडम चेकिंग कराने के निर्देश देते हुए यात्रा में स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए कहा। डीएम विशाल मिश्रा ने गढ़वाल आयुक्त को अब तक की यात्रा संचालन स्थिति से अवगत कराया। पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने यात्रा रूट प्लान, ट्रैफिक व्यवस्था, पार्किंग एवं आपातकालीन सेवाओं की जानकारी दी। केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने कई मांगें रखीं। इस अवसर पर केदारनाथ धाम में अग्नि सुरक्षा के लिए आवश्यक उपकरणों की खरीद के लिए लाख की धनराशि आवंटित की गई है। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, अगस्त्यमुनि ब्लॉक प्रमुख भुवनेश्वरी देवी, जिपंस अमित मैंखंडी, जयवर्धन कांडपाल, नगर पालिका अध्यक्ष, संतोष रावत, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत आदि उपस्थित रहे।