रुद्रपुर। 15 अगस्त को घर से ड्यूटी पर जा रहे सिडकुल की एक कंपनी के सुरक्षा गार्ड की सड़क हादसे में मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों की सुपुर्द कर दिया है।
मूलरूप से ग्राम धनेली (बरेली) निवासी बृजपाल (24) पुत्र प्रेमराज ट्रांजिट कैंप स्थित ठाकुरनगर में परिवार के साथ रहकर सिडकुल की एक कंपनी में सुरक्षा गार्ड की नौकरी करता था। 15 अगस्त की सुबह वह घर से बाइक पर ड्यूटी के लिए निकला था। इसी बीच सिडकुल ढाल पर पहुंचते ही सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सिडकुल पुलिस चौकी प्रभारी अनिल उपाध्याय ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद अज्ञात वाहन चालक पर केस दर्ज किया जाएगा। मृतक चार भाई, बहनों में दूसरे नंबर का था। उसकी कुछ माह पहले ही शादी हुई थी। मौत के बाद उसकी पत्नी इंदु देवी और मां चंद्रकली का रो-रोकर बुरा हाल है।
युवक की संदिग्ध हालात में मौत
रुद्रपुर। संदिग्ध हालात में एक युवक की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार शनिवार की रात बिंदुखत्ता निवासी मनोज कुमार मिश्रा (30) पुत्र पूरन चंद्र मिश्रा की तबियत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे किच्छा स्थित एक निजी अस्पताल में ले गए। हालात गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे रुद्रपुर जिला अस्पताल भेज दिया। युवक के अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची आवास विकास चौकी पुलिस ने जानकारी ली और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। संवाद
सिडकुल कर्मी की पत्नी की संदिग्ध हालात में मौत
रुद्रपुर। सिडकुल कर्मी की पत्नी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस ने कोरोना जांच में रिपोर्ट निगेटिव आने पर शव को पोस्टमार्टम कराने बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
मूलरूप से यूपी के धामपुर निवासी राजीव सिंह शहर की सिंह कॉलोनी में रहकर सिडकुल की एक कंपनी में काम करता है। 15 अगस्त के दिन उसकी पत्नी नूतन देवी (38) की अचानक तबियत बिगड़ गई। राजीव उसे लेकर एक निजी अस्पताल में लेकर गया लेकिन डॉक्टर ने उसकी हालात नाजुक होने पर रेफर कर दिया। इसके बाद उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। एसएसआई बीसी जोशी ने बताया कि महिला का पहले कोरोना जांच को सैंपल भेजा गया था। रिपोर्ट निगेटिव आने पर पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। उन्होंने बताया कि मृतका की विसरा जांच कराई जाएगी। इसके बाद मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।