रुद्रपुर। सरदार भगत सिंह पीजी कॉलेज बुधवार को अराजकता और मारपीट का अखाड़ा बन गया। रंजिश के चलते छात्रों के एक गुट ने एबीवीपी नगर मंत्री सौरभ राठौर को दौड़ा-दौड़ाकर लाठियों और बेल्ट से पीटते हुए लहूलुहान कर दिया। इससे कॉलेज में अफरा-तफरी मच गई। प्रभारी प्राचार्य डॉ. दिनेश शर्मा ने छात्र को स्टाफ रूम में बंद करके हमलावरों से बचाया। कोतवाली में पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ की। वहीं पुलिस ने देर रात दोनों पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
दोपहर बाद एबीवीपी नगर मंत्री सौरभ और कोषाध्यक्ष राहुल गुप्ता पर अचानक पूर्व छात्रसंघ उप सचिव रामप्रकाश यादव, उसके भाई कृष्ण प्रकाश यादव और चार-पांच अन्य युवकों ने हमला कर दिया। हंगामा होने पर हमलावर भाग गए। थोड़ी ही देर बाद फिर हमलावरों ने फिर दोनों पर हमला कर उन्हें दौड़ा दौड़ाकर पीटा। उन्होंने एबीवीपी नगर मंत्री को जमीन पर गिराकर, लात-घूंसों और बेल्ट से बुरी तरह मारा। वह महाविद्यालय के भीतर की ओर भागा। शोर-शराबा सुनकर कॉलेज में छात्र-छात्राओं और प्राध्यापकों में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान हमलावरों ने भाग रहे छात्र को फिर से पकड़ लिया और पिटाई की। इस बीच, प्रभारी प्राचार्य डॉ. शर्मा ने घायल छात्र को हमलावरों से बचाने के लिए स्टाफ रूम में बंद कर दिया। घटना की सूचना पर एसएसआई भुवन जोशी, दरोगा अरविंद चौधरी समेत पुलिस टीम कॉलेज में पहुंचीं, लेकिन हमलावर मौके से भाग गए।
एबीवीपी के कुमाऊं संयोजक गोपाल पटेल व जिला संयोजक रचित सिंह आदि घायल सौरभ को लेकर कोतवाली पहुंचे, जहां सौरभ ने पूर्व छात्रसंघ उप सचिव रामप्रकाश यादव, उसके भाई समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी। कुछ देर बाद पुलिस दोनों भाइयों को पकड़कर कोतवाली ले आई, जहां दूसरे पक्ष ने एबीवीपी नगर मंत्री पर भी उनके साथ दो दिन पहले मारपीट करने का आरोप लगाया। कोतवाली पुलिस ने घायल सौरभ, राहुल और एक हमलावर का जिला अस्पताल में मेडिकल करवाया। एसएसआई जोशी ने कहा कि दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
दो दिन पहले छात्रा पर हुई टिप्पणी से शुरू हुआ विवाद
रुद्रपुर। रुद्रपुर महाविद्यालय में दो दिन पहले एक छात्रा की ओर से दूसरी छात्रा पर की गई टिप्पणी से विवाद पैदा हो गया था। तभी एक छात्रा के पक्ष में आए कुछ छात्रों ने दूसरी छात्रा और उसके साथ एक छात्र को पीट दिया था। बताया जा रहा है जिनके साथ मारपीट की गई दोनों छात्र-छात्राएं वर्तमान में रुद्रपुर महाविद्यालय में नहीं पढ़ते हैं। मारपीट के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया था, लेकिन बुधवार को अचानक एक पक्ष ने रंजिशन व मारपीट का बदला लेने के लिए दूसरे पक्ष पर हमला बोल दिया।
प्रभारी प्राचार्य डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि कॉलेज में बुधवार दो छात्र पक्षों में मारपीट हो गई थी। विवाद बढ़ने पर पुलिस फोर्स को बुलाना पड़ा था। कॉलेज में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो इसके लिए आरोपी छात्र-छात्राओं के खिलाफ कॉलेज प्रशासन की ओर से सख्त निर्णय लिया जाएगा।
पूर्व उपसचिव समेत चार आरोपी गिरफ्तार
एसएसआई भुवन जोशी ने कहा कि दोनों पक्षों की तहरीर पर एक-दूसरे के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। एक पक्ष के सौरभ राठौर, राहुल गुप्ता और चार-पांच वहीं दूसरे पक्ष के पूर्व छात्रसंघ उप सचिव रामप्रकाश यादव, उसके भाई कृष्ण प्रकाश यादव और चार-पांच अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। चारों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।