जखोली। ब्लाॅक क्षेत्र में एक बार फिर गुलदार की सक्रियता से दहशत का माहौल है। बीती 20 जुलाई को जखोली ब्लॉक के इंद्रनगर निवासी भगवान सिंह राणा की भैंस को गुलदार ने मार डाला। भगवान सिंह ने बताया कि मवेशी गोशाला के बाहर खूंटे से बंधा था। घटना के समय परिजन घर में खाना खा रहे थे। तभी अचानक बाहर आवाज होने पर जब वे पहुंचे तो देखा कि गुलदार मवेशी को मार चुका था। घटना की सूचना मिलने पर अगले दिन वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। ग्राम प्रधान (मखेत) रेखा देवी, पूर्व प्रधान आषाढ़ सिंह राणा, पंचम सिंह और प्रीतम सिंह ने वन विभाग से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। वहीं वन क्षेत्राधिकारी हरीश थपलियाल ने बताया कि विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ सुरक्षा के मद्देनजर टीम स्थानीय लोगों को जागरूक भी कर रही है। संवाद