समितियां हुईं गठित, कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारियां
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊखीमठ। द्वितीय केदार भगवान मद्महेश्वर की उत्सव डोली के शीतकालीन गद्दीस्थल (मद्महेश्वर) पहुंचने पर होने वाले तीन दिवसीय मेले को दिव्य और भव्य बनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। रविवार को नगर पंचायत सभागार में हुई बैठक में मेले के आयोजन पर चर्चा हुई और मेला संचालन के लिए समितियों का गठन किया गया। 21 नवंबर को मद्महेश्वर की डोली अपने शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर में पहुंचेगी। इस दौरान 20 से 22 नवंबर को तीन दिवसीय मेले का आयोजन किया जाएगा।
मेले के सफल आयोजन के लिए गठित समिति में नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण को मेला अध्यक्ष, पूर्व प्रधान भटवाड़ी प्रकाश रावत को सचिव, संदीप पुष्पवाण को महामंत्री, कैलाश पुष्पवाण को कोषाध्यक्ष बनाया गया। इसके अलावा स्टाल निरीक्षण समिति, अनुशासन, खेल, सांस्कृतिक, स्वागत, प्रचार-प्रसार सहित विभिन्न समितियों का गठन कर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई। इस मौके पर नगर पंचायत सभासद प्रदीप धर्म्वाण, बलवीर पंवार, पूजा, सरला देवी, जिला पंचायत सदस्य परकंडी प्रीति पुष्पवाण, पूर्व नपं अध्यक्ष विजय राणा, प्रधान किमाणा सुलेखा त्रिवेदी, दिनेश तिवारी, जगदीश लाल, पवन राणा, चंद्रमोहन उखियाल और धर्मेंद्र तिवारी आदि मौजूद रहे।