रुद्रप्रयाग। जिले में बिना कागजातों के चल रहे हॉट मिक्सिंग प्लांट के संचालकों को संचालन संबंधी औपचारिकता पूर्ण करने की हिदायत दी है। प्रशासन ने कागजात पूर्ण न होने पर कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।
जिले में तिलणी, तिलवाड़ा, चंद्रनगर, सेमी और सोनप्रयाग में सड़कों के डामरीकरण के लिए हॉट मिक्सिंग प्लांट चल रहे हैं। प्लांट बदरीनाथ व केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग और बांसवाड़ा-मोहनखाल मोटर मार्ग से सटकर स्थापित किए गए हैं। प्लांट स्थापित होते समय संचालकों ने संचालन के लिए जरूरी औपचारिकताओं को पूरा नहीं किया। गत जून माह के अंतिम सप्ताह में एसडीएम सदर सीएस चौहान ने पांचों प्लांट का निरीक्षण किया था। प्लांट में मौजूद कर्मचारी एसडीएम को एक भी जरूरी कागज नहीं दिखा पाए थे।
-------------------
प्लांट संचालकों को कह दिया गया है कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की एनओसी ले लें। संचालकों को विधिवत संचालन की अनुमति लेने के निर्देश दिए गए हैं।
- डा. राघव लंगर, जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग।