रुद्रप्रयाग। वर्ल्ड बैंक और एशियन डवलेपमेंट बैंक (एडीबी) की मदद से जिले में आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों, ट्रैक रूट और पेयजल योजनाओं की मरम्मत की जाएगी। इसके अलावा जिले में 20 हेलीपैड और हेलीड्रोम भी वर्ल्ड बैंक प्रोजेक्ट के तहत बनाए जाएंगे। इन हेलीड्रोम में एक समय पर चार से छह चॉपर लैंड कर सकते हैं।
जिलाधिकारी डा. राघव लंगर ने छह जनवरी को राजधानी में आयोजित हुई हाई पावर कमेटी की बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी देते हुए बताया कि दोनों बैंकों के सहयोग से जिले में पुनर्स्थापना कार्य कराए जाएंगे। प्रथम चरण में वर्ल्ड बैंक द्वारा करीब 41 करोड़ रुपये की लागत से 59 मोटर मार्ग, पैदल मार्ग और ट्रैक रूट की मरम्मत की जाएगी। एडीबी प्रोजेक्ट में दो स्टेट हाईवे और एक यूएसआरआईपी की सड़क को सुधारा जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्ल्ड बैंक 20 हेलीपैड और हेलीड्रोम बनाएगा। इसमें केदारनाथ क्षेत्र में एक समय पर छह चॉपर लैंड करने के लिए आठ हजार वर्गमीटर का हेलीड्रोम बनेगा। अगस्त्यमुनि, गुलाबराय सिद्धसौड़, बक्सीर और नाला में पांच हेलीपोर्ट स्वीकृत हुए हैं। इनमें एक समय पर चार चॉपर उतर सकते हैं। इसकेे अलावा 16 अन्य स्थानों पर दो चॉपर उतरने के लिए हेलीपैड का निर्माण किया जाएगा। इसमें कालीमठ, मद्महेश्वर, गौरीकुंड और भीमबली जैसे ऐसे स्थानों को चयनित किया गया है, जहां आपदा के दौरान लोगों को चॉपर से सुरक्षित निकाला गया था।