तिलवाड़ा। सिलगढ़ पट्टी के कंडाली गांव स्थित मां इंद्रासणी मंदिर में आयोजित महायज्ञ में दूर दराज के सैकड़ों श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। प्रतिदिन विभिन्न गांवों से यज्ञस्थल पर यज्ञ पुरुष की बारात पहुंच रही है, जो आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
ग्राम पंचायत कंडाली में 12 वर्षों बाद मां इंद्रासणी का नौ दिवसीय महायज्ञ आयोजित किया जा रहा है। इससे पूर्व मां भगवती इंद्रासणी ने लगभग डेढ़ माह दिवारा (देवयात्रा) के दौरान विभिन्न गांवों का भ्रमण कर भक्तों को दर्शन दिए थे। दिवारा के समापन के बाद महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है।
धार्मिक अनुष्ठान के सातवें दिन मरगांव से यज्ञ पुरुष की बारात निकली। इसमें सैकड़ों बाराती शामिल हुए। यज्ञ स्थल पर पहुंचने पर आचार्य ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ पुरुष का विवाह संपन्न कराया। इसके पश्चात ब्राह्मणों ने हवन कुंड में आहुतियां डालकर देवताओं का आह्वान किया।