रुद्रप्रयाग। विकास खंड अगस्त्यमुनि के बच्छणस्यूं, धनपुर और तल्ला नागपुर क्षेत्र में जंगली सुअरों के आतंक से लोग परेशान हो गए हैं। जंगली सुअरों का झुंड धान, मंडुआ और सावा (झंगोरा) की फसल तहस-नहस कर रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से सुअरों को मारने और मुआवजा देने की मांग की है।
पहाड़ में इन दिनों फसल पककर तैयार हो चुकी है। कुछ स्थानों पर फसल कटनी भी शुरू हो गई है। काश्तकारों के समक्ष बड़ी समस्या जंगली सुअरों से निपटने की हो गई है। अलग-अलग झुंडों में आ रहे सुअर फसल को बर्बाद कर रहे हैं।
ग्राम प्रधान नरकोटा सुरेंद्र जोशी ने बताया कि सुअरों ने लगभग 60 नाली खेतों में धान की फसल को नुकसान पहुंचाया है। ग्रामीण चंडी प्रसाद बहुगुणा ने बताया कि बच्छणस्यूं के नवासू और खेड़ाखाल सहित अन्य क्षेत्रों में जंगली सुअरों ने धान और मंडुुवे की फसल बर्बाद कर दी है। प्रधान संगठन के जिला महामंत्री विनोद डिमरी ने बताया कि स्यूंड गांव में जंगली सुअर उजाले में ही धमक रहे हैं और लोगों की फसल को चौपट कर रहे हैं।