गुप्तकाशी। भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान द्वारा ऊखीमठ ब्लाक के विभिन्न ग्राम पंचायतों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों को स्वरोजगार संबंधी जानकारी दी। साथ ही आरसेठी द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।
केदारघाटी के ग्राम पंचायत शेरशी, न्याल्सू व बड़ासू में आयोजित हुए कार्यक्रम में संस्थान के प्रशिक्षक वीरेंद्र बर्त्वाल, भूपेंद्र रावत ने ग्रामीणों को स्वरोजगार से जुड़े कई प्रशिक्षणों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि चारधाम यात्रा का मुख्य पड़ाव होने से रुद्रप्रयाग जिले में स्वरोजगार की अपार संभावनाएं है। उन्होंने महिलाओं के स्वरोजगार के विभिन्न तरीकों व गतिविधियों के बारे में चर्चा की। बताया कि ग्रामीण क्षेत्र की बेरोजगार महिला व पुरुषों को स्वरोजगार चलाने के लिए आरसेठी के माध्यम से निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाता है। लोग प्रशिक्षण प्राप्त कर अपना व्यवसाय संचालित कर सकते है। इस मौके पर ग्राम प्रधान बडासू महिलपाल सिंह, शांति प्रकाश समेत भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।